
उदयपुर की अंबामाता थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पिछले तीन साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। बुजुर्ग को बिजनेस में भारी मुनाफे का झांसा देकर एक करोड़ सत्तर लाख रुपए हड़पने वाले इस शातिर आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। थानाधिकारी राजेंद्र सिंह चारण ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान मावली निवासी प्रभुलाल कितावत के रूप में हुई है, जिस पर पूर्व में भी धोखाधड़ी के 3 गंभीर मामले दर्ज हैं। मामला साल 2023 का है, जब फतहपुरा निवासी पीड़ित कमल किशोर पारीक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि आरोपी प्रभुलाल साल 2020 से उनके मकान में किराएदार के रूप में रह रहा था। इसी दौरान उसने परिवार से घनिष्ठ संबंध बना लिए और कपड़ों का एक नया शोरूम खोलने के नाम पर भारी मुनाफे का लालच दिया। विश्वास में लेकर आरोपी ने साल 2020 से 2022 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 1 करोड़ 70 लाख रुपए ऐंठ लिए। जब पीड़ित ने अपने पैसे या मुनाफा वापस मांगा, तो आरोपी ने उन्हें बैंक के बाउंस चेक थमा दिए और साल 2023 से अचानक फरार हो गया। पुलिस लंबे समय से इस शातिर ठग की तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार मुखबिर की पुख्ता सूचना और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस ने मावली निवासी इस इनामी आरोपी को धर दबोचा। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से न्यायालय ने उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि ठगी की इस रकम का और अन्य मामलों का पूरा हिसाब-किताब खंगाला जा सके।