
उदयपुर की गोवर्धन थाना पुलिस ने कुरियर के जरिए गुजरात भेजी जा रही 3 लाख की शराब पकड़ी। अहमदाबाद हाईवे स्थित एक कुरियर वेयरहाउस पर 42 प्लास्टिक की बाल्टियों में 2386 पव्वे छिपाए हुए थे। शराब को बाल्टियों में छिपाकर कुरियर के माध्यम से गुजरात भेजा जा रहा था। फिलहाल गोवर्धन विलास थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।थानाधिकारी सुनील चारण ने बताया कि अहमदाबाद हाईवे स्थित कुरियर कंपनी के वेयरहाउस से 42 बाल्टियां व्हाइटिंग चॉक पाउडर के नाम से बुक की गई थी। जिनके अंदर लकड़ी का बुरादा भरा था और उनके अंदर शराब छिपी थी।मुखबिर से मिली सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां कुरियर कंपनी में बाल्टियां खुलवाईं तो उनके अंदर बुरादे के बीच शराब छिपी हुई दिखी। पुलिस ने बाल्टियों से अलग-अलग ब्रांड की शराब जब्त की। शराब की कीमत करीब पौने 3 लाख रुपए है। इसे उदयपुर से गुजरात के जामनगर में तस्करी कर ले जाया जा रहा था।गोवर्धन विलास थानाधिकारी सुनील चारण ने बताया कि शराब की तस्करी के लिए आरोपियों ने प्लास्टिक की नई बाल्टियों का प्रयोग किया और इनकी पैकिंग इस तरह की गई, ताकि किसी को शक नहीं हो। पुलिस ने कुरियर पार्सल और इसमें उपयोग ली गई पिकअप गाड़ी को जब्त कर लिया है। साथ ही इसे बुक कराने वाले आरोपियों की कुरियर कंपनी से जानकारी लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

28 Oct 2026