
उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के विसमा गांव में देर रात अचानक लगी आग ने एक किसान परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जानकारी के मुताबिक बुधवार रात करीब 12 बजे किसान जालम सिंह के पशु बाड़े में अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी। रात का समय होने के कारण शुरुआत में किसी को घटना की जानकारी नहीं लग सकी और देखते ही देखते आग ने पूरे बाड़े को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि बाड़े में बंधे मवेशियों को बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिल पाया। हादसे में एक गाय और चार बछड़ों की जिंदा जलने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाड़े में रखा करीब एक हजार घास की पुलियां भी जलकर राख हो गईं। आग की चपेट में आने से वहां खड़ी एक बाइक भी पूरी तरह जल गई। घटना का पता सुबह उस समय चला जब किसान जालम सिंह रोजाना की तरह दूध निकालने के लिए बाड़े में पहुंचे। वहां के हालात देखकर उनके होश उड़ गए। पूरे बाड़े में राख फैली हुई थी और मवेशियों के शव जले हुए हालत में पड़े थे। सूचना मिलते ही सायरा थानाधिकारी कानाराम सीरवी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं पटवारी दिग्विजय सिंह ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। पशु चिकित्सकों की टीम ने मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम भी करवाया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
05 Jun 2026