
उदयपुर विकास प्राधिकरण की टीम मंगलवार को पूरी तैयारी के साथ सड़कों पर उतरी। शहर के माली कॉलोनी से लेकर 100 फीट रोड तक के पूरे इलाके में अवैध निर्माणों को चिन्हित कर यह बड़ी कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासनिक अमले के पहुंचते ही अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान नियमों को ताक पर रखकर खड़ी की गई करीब 25 से 30 दुकानों के अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कई जगह स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने विरोध दर्ज कराने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और यूडीए के अधिकारियों के साथ लोगों की तीखी बहस भी देखने को मिली। लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों और भारी पुलिस जाब्ते के आगे किसी की एक न चली और दस्ता लगातार आगे बढ़ता रहा। जांच में सामने आया कि क्षेत्र में कई रिहायशी मकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बिना किसी वैध अनुमति के बनाए गए थे। भवन निर्माताओं ने सेट-बैक के नियमों का भी पालन नहीं किया था। यूडीए की मशीनों ने इन नियमों को तोड़ने वाले पक्के ढांचों, दुकानों के आगे निकले हुए अवैध शेड और होर्डिंग्स को पूरी तरह से हटा दिया। यूडीए के अधिकारियों का साफ कहना है कि शहर के विकास और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सेट-बैक का उल्लंघन करने वालों और अवैध निर्माणकर्ताओं के खिलाफ आगे भी इसी तरह की जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

19 May 2026