
ईरान -अमेरिका के बीच जारी तनाव का असर उदयपुर में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पर भी दिखाई देने लगा है। शहर के कुछ पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी की स्थिति बनने से वाहन चालकों की चिंता बढ़ गई है। उदयपुर के पंचवटी स्थित एक पेट्रोल पंप पर ग्राहकों को बताया गया कि पेट्रोल और डीजल की सप्लाई लेकर आने वाली गाड़ी शाम तक पहुंचेगी। वहीं फतहपुरा स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर भी सप्लाई इंधन की सप्लाई देरी से हुई। इन हालातों के चलते कई वाहन चालक परेशान नजर आए। जानकारी के अनुसार प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल और डीजल की बिक्री को लेकर मौखिक रूप से सीमा तय किए जाने की भी चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक आदेश सामने नहीं आया है। इधर ईंधन की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी जारी है। बीते पांच दिनों में दूसरी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। मंगलवार को पेट्रोल की कीमत में 94 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। उदयपुर में वर्तमान में पेट्रोल की कीमत 109 रुपए 72 पैसे प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल 94 रुपए 88 पैसे प्रति लीटर बिक रहा है। लगातार बढ़ती कीमतों और सप्लाई को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण आमजन और वाहन चालकों में चिंता का माहौल बना हुआ है। वहीं लोग अब पेट्रोल पंपों पर पहले से ज्यादा सतर्कता के साथ ईंधन भरवाते नजर आ रहे हैं।