
उदयपुर के पर्यटन मानचित्र पर सोमवार को एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। बहुप्रतीक्षित सज्जनगढ़ लायन सफारी और रेप्टाइल पार्क का लोकार्पण पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ प्रशासक गुलाबचंद कटारिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर सज्जनगढ़ अभ्यारण्य क्षेत्र में अत्याधुनिक वन्यजीव रेस्क्यू सेंटर का भी उद्घाटन किया गया, जो घायल और संकटग्रस्त वन्यजीवों के उपचार व संरक्षण में अहम भूमिका निभाएगा। सज्जनगढ़ लायन सफारी परियोजना से न केवल पर्यटकों को रोमांचक अनुभव मिलेगा, बल्कि वन्यजीव संरक्षण, जागरूकता और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। रेप्टाइल पार्क में विभिन्न प्रजातियों के सरीसृपों को प्राकृतिक वातावरण में देखने का अवसर मिलेगा, जो शिक्षा और शोध के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लोकार्पण समारोह में संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवल रमानी, जिला कलेक्टर नमित मेहता, समाजसेवी रविंद्र श्रीमाली, गोविंद सिंह टांक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल कटारिया ने कहा कि यह परियोजना उदयपुर को अंतरराष्ट्रीय इको-टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में पहचान दिलाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। साथ ही वन्यजीव संरक्षण और पर्यटन के बीच संतुलन स्थापित करने का यह एक सशक्त प्रयास है।
16 Feb 2026