
उदयपुर जिले में एक बार फिर चोरों ने बेखौफ होकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बड़गांव थाना क्षेत्र के मनोरपुरा एरिया में रविवार देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे नकाबपोश बदमाश एक मकान में घुस गए। जानकारी के अनुसार दो बदमाश बिना नंबर की स्विफ्ट कार में सवार होकर मौके पर पहुंचे और सुनसान मकान को निशाना बनाया। चोरों ने पहले घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। अलमारियां और सामान बिखेर दिया गया, जिससे साफ जाहिर होता है कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे। इसके बाद वे मकान में रखे सोने और चांदी के आभूषणों के साथ-साथ कुछ नकदी समेटकर मौके से फरार हो गए। वारदात के समय मकान मालिक और उनकी पत्नी किसी काम से बाहर गए हुए थे, जिसका फायदा बदमाशों ने उठाया। जब दंपती देर रात घर लौटे तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। घर का सामान बिखरा हुआ था और कीमती जेवरात व नकदी गायब थी। इसके बाद तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर बड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके और उनके फरार होने के रूट का पता लगाया जा सके।पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा। वहीं, इस वारदात के बाद मनोरपुरा सहित आसपास के इलाकों में लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।