
बांसवाड़ा जिले के सुरपुर गांव में पिछले तीन दिनों से एक पागल स्वान ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी थी। जानकारी के अनुसार स्वान ने अलग-अलग समय पर गांव के चार लोगों पर अचानक हमला कर दिया। इन घटनाओं में एक महिला, एक पुरुष और एक बुजुर्ग समेत कुल चार लोग घायल हुए। हमले के दौरान स्वान ने सभी के पैरों पर काटा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद परिजन घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए। चिकित्सकों के अनुसार समय पर इलाज मिलने से घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि यही स्वान बीते दिनों में कुल पांच लोगों को काट चुका था, जिससे पूरे गांव में डर का माहौल बन गया था। बच्चे और बुजुर्ग घरों से बाहर निकलने में घबराने लगे थे। लगातार हमलों से परेशान ग्रामीणों ने सतर्कता बरतते हुए आखिरकार स्वान को काबू में किया और उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को भी दी गई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी पशु के काटने की स्थिति में लापरवाही न बरतें और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार लें। फिलहाल सुरपुर गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन ग्रामीणों में अभी भी सतर्कता बरती जा रही है।

16 Feb 2026