
डिजिटल दौर में साइबर अपराध लगातार नए तरीके अपना रहे हैं और अब उदयपुर पुलिस ऐसे गिरोहों पर लगातार शिकंजा कस रही है। बीते चौबीस घंटों के दौरान जिले के गोगुंदा, प्रतापनगर और सूरजपोल थाना क्षेत्रों में साइबर अपराध और बैंकिंग धोखाधड़ी से जुड़े कई गंभीर प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जांच में ऐसे बैंक खातों का खुलासा हुआ है, जिनका इस्तेमाल साइबर ठग अवैध रूप से रकम ट्रांसफर करने और ठगी की राशि को इधर-उधर करने के लिए कर रहे थे। गोगुंदा थाना क्षेत्र में गोगुंदा निवासी आरोपी प्रकाश मेघवाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उसने फर्जी तरीके से बैंक खाते का दुरुपयोग कर अवैध धनराशि प्राप्त की। प्रतापनगर थाना पुलिस ने भी अलग-अलग कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए हैं। पहली कार्रवाई में बोहरा गणेश जी चौराहा निवासी रींकू यादव, दूसरी में एफ ब्लॉक निवासी हरि सिंह राजपूत, तीसरी में पुरोहितों की मादड़ी निवासी भैरू सिंह चारण और चौथी कार्रवाई जयराम कॉलोनी निवासी नवीन सिंह के खिलाफ की गई है। इन सभी मामलों में आरोप है कि उनके बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में किया गया। वहीं सूरजपोल थाना क्षेत्र में परिवादिनी माया कुमारी ने शिकायत दर्ज कराई कि मोबाइल पर एक मैसेज आने के दौरान उनके खाते से अलग अलग ट्राजेंक्शन जरिये करीब डेढ रुपये निकाल लिए गए। इस मामले में थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक सूर्यभान सिंह के निर्देशन में अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इन सभी मामलों के तार जोड़ते हुए साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क और उसके सरगनाओं तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।