
उदयपुर में गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार पति-पत्नी और उनके छोटे बेटे की मौत हो गई। एक्सीडेंट के बाद आरोपी ड्राइवर व कार सवार दूसरे लोग मौके से फरार हो गए। हादसा बेकरिया थाना क्षेत्र में आकियावड़ के पास गुरुवार रात करीब 8:30 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार एक्सीडेंट में राजसमंद जिले के रहने वाले नवनीत मीणा (36), संगीता (33) और उनके 8 साल के बेटे तुषार की मौत हुई है। वहीं, बड़ा बेटा निखिल (14) गंभीर घायल है।गोगुंदा थाना के एएसआई योगेंद्र सिंह ने बताया कि परिवार चक्की (राजसमंद) से पिंडवाड़ा की ओर जा रहा था। स्कूटी को आकियावड़ के पास कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। सभी घायलों को पुलिस ने गोगुंदा हॉस्पिटल में एडमिट कराया। यहां डॉक्टर ने तुषार को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों को उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल रेफर कर दिया।उदयपुर में इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह सुबह पति-पत्नी मौत हो गई। बड़े बेटे निखिल की हालत गंभीर है। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद कार में सवार लोग गाड़ी छोड़कर भाग गए थे। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। फरार कार ड्राइवर की तलाश की जा रही है।

31 Jul 2026