
सविना बाईपास नवाघर क्रॉसिंग स्थित मां भगवती मेलड़ी माता मंदिर परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में महंत विराम नाथ महाराज ने भूमाफियाओं के बढ़ते आतंक पर गहरा रोष जताया। महाराज ने चिंता जताते हुए कहा कि आज भूमाफियाओं की नजर मंदिरों की जमीनों पर टिकी है और वे संतों को खुलेआम धमकियां दे रहे हैं। मेलड़ी माता मंदिर परिसर में भी ऐसी हरकतों को अंजाम देने की कोशिशें की जा रही हैं। इसी दौरान महंत ने मंदिर के पौराणिक व ऐतिहासिक महत्व पर से पर्दा उठाया। उन्होंने बताया कि फरवरी 2025 में पाकिस्तान स्थित प्रसिद्ध हिंगलाज माता मंदिर से अखंड ज्योत लाकर यहां प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। इसके अलावा, मां भगवती मेलड़ी माता की लगभग 7वीं शताब्दी की प्राचीन पछेड़ी, जो किसी कारणवश विदेश चली गई थी, उसे वापस लाया गया है। प्रेस वार्ता में देवी पूजन सेवा समिति के नरेंद्र दलवाड़िया ने बताया कि यह आश्रम सिर्फ मंदिर नहीं, बल्कि गौशाला, भोजनशाला और हिंगलाज माता, बगलामुखी, हनुमान जी, राधा-कृष्ण व रामापीर सहित कई देवी-देवताओं का पवित्र धाम है। नवरात्रि के अवसर पर यहां डांडिया रास और विशाल महाप्रसाद का आयोजन किया जा रहा है।
16 Oct 2026