
भूताला गांव में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तालाब के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन अचानक टूटकर सीधे तालाब में गिर गई। लाइन गिरते ही तालाब के पानी में करंट दौड़ गया। इस दौरान वहां मौजूद एक बच्ची बाल-बाल बच गई, जबकि कुछ महिलाओं को करंट का जोरदार झटका लगने की सूचना है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही गांव के सरपंच मोहन सिंह राजपूत मौके पर पहुंचे और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ अनोखा विरोध शुरू कर दिया। सरपंच बिजली के खंभे पर चढ़ गए और घोषणा की कि जब तक प्रशासन की ओर से हाईटेंशन लाइन को लेकर ठोस और लिखित आश्वासन नहीं दिया जाएगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब एक माह पहले आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान भी जिला कलेक्टर के सामने तालाब के ऊपर से गुजर रही इस हाईटेंशन लाइन को हटाने या दुरुस्त करने की मांग उठाई गई थी। बावजूद इसके बिजली विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते लाइन को ठीक कर दिया जाता तो यह हादसा नहीं होता। शाम तक सरपंच मोहन सिंह राजपूत खंभे पर ही डटे रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि देर शाम तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और न ही सरपंच से संपर्क करने का प्रयास किया गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और बिजली विभाग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।

29 Jul 2026