
वारदात गोगुंदा थाना क्षेत्र के अवानी स्थित खेजड़िया खेत की है, जहाँ कुशाल सिंह और उनकी पत्नी मोहनी बाई अपने घर में सो रहे थे। आधी रात के बाद पांच नकाबपोश बदमाशों ने हमला बोला और घर के मुख्य दरवाजे को उखाड़कर भीतर दाखिल हो गए। बदमाशों ने सबसे पहले मोहनी बाई के गले पर चाकू लगा दिया और उनका मुंह दबा दिया ताकि वे चिल्ला न सकें। बदमाशों ने लूट के दौरान महिला के नाक की नथनी, कान के गाले और सिर का बोर जबरन खींच लिया। इस खींचतान में वृद्धा के कान और नाक फट गए और वह खून से लथपथ होकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हद तो तब हो गई जब लुटेरों ने उनके पैर में पहने चांदी के कड़े तोड़ने की कोशिश की। दर्द से कराहती मोहनी बाई जब जोर से चिल्लाई, तो पास में ही सो रहे उनके पति कुशाल सिंह की नींद खुल गई। जैसे ही उन्होंने बचाव की कोशिश की, बदमाशों ने उनका गला दबाकर उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। दंपति की चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के ग्रामीण और परिजन जागकर मौके की ओर दौड़े, तो पकड़े जाने के डर से बदमाश करीब 4 तोला सोने के जेवरात लेकर झाड़ियों और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही गोगुंदा थाना पुलिस का जाब्ता मौके पर पहुँचा। पुलिस ने घायल वृद्धा को तुरंत उपचार के लिए भिजवाया और घटनास्थल का मुआयना किया। फिलहाल अज्ञात बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी करवाई है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

12 Feb 2026