
उदयपुर जिले के खेरोदा थाना क्षेत्र के बरोड़िया गांव से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। गुरुवार दोपहर करीब 2:00 बजे अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री दीपेंद्र सिंह राठौड़ को सूचना मिली कि बरोड़िया निवासी 16 वर्षीय नरेंद्र सिंह राणावत, पुत्र अमर सिंह राणावत, बुधवार शाम करीब 5:30 बजे भैंसें चराने गया था, जो वापस घर नहीं लौटा।परिजनों द्वारा तलाश करने पर उसकी चप्पल पास ही बने एनीकट के पास मिली, जिसके बाद अनहोनी की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग, उदयपुर की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एनीकट से शव को बाहर निकाला और पुलिस थाना खेरोदा को सुपुर्द कर दिया। रेस्क्यू टीम में गोताखोर विपुल चौधरी, विजय नकवाल, नरेश चौधरी, दिव्यांशु वैष्णव, भवानी शंकर वाल्मीकि, अरविंद सिंह राणावत तथा बोट ऑपरेटर व वाहन चालक कैलाश मेनारिया मौजूद रहे। रेस्क्यू ऑपरेशन में गोताखोर विपुल चौधरी की विशेष भूमिका रही।पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

12 Feb 2026