
उदयपुर में उदयपुर-अजमेर एक्सप्रेस ट्रेन पर किसी ने कांच की बोतल फेंक दी। चलती ट्रेन में बोतल लगने से खिड़की के पास बैठी युवती घायल हो गई। उसकी नाक, मुंह और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद युवती जोर-जोर से चिल्लाने लगी। जिससे ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। घटना गुरुवार सुबह देबारी के मेघवालों की घाटी गांव के पास की है। घायल युवती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। युवती अपनी बहन के साथ सफर कर रही थी। रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावर की पहचान करने और हमले के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रही है।बहन के साथ फतहनगर जा रही थी युवती GRP थानाधिकारी गोवर्धन सिंह ने बताया- घायल शिफा (25) को उदयपुर के एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिफा अपनी बहन के साथ जनरल डिब्बे में उदयपुर से फतहनगर जा रही थी। राणा प्रताप नगर स्टेशन (उदयपुर) से 11:34 बजे ट्रेन रवाना हुई, करीब 11:47 पर यह घटना हुई। घायल युवती के बताए गए स्थान के अनुसार, पुलिस ने घटनास्थल से करीब 4 से 5 किलोमीटर के क्षेत्र को चिह्नित किया है। चेन खींचकर ट्रेन को रुकवाया प्रत्यक्षदर्शी एडवोकेट मधु गर्ग ने बताया- मैं उदयपुर से कपासन में कोर्ट के काम से जा रही थी। मेघवालों की घाटी बस्ती के पास अचानक एक युवती के चिल्लाने की आवाज आई। हम लोग कुछ दूरी पर थे, भागकर युवती तक पहुंचे। युवती की नाक के पास गंभीर चोट लगी थी, खून बह रहा था। ट्रेन की चैन मैंने खींची। इसके बाद लोगों ने देखा भी, मगर दूर तक कोई नजर नहीं आया। करीब 1 किलोमीटर आगे देबारी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोककर युवती को स्ट्रेचर पर उतारा गया। 15 मिनट बाद एंबुलेंस आई, जिसके बाद ट्रेन रवाना हुई। संभवतया किसी ने बोतल फेंकी होगी, क्योंकि युवती के बैठने की जगह पर वहां कुछ कांच के टुकड़े मिले हैं। रेलवे पुलिस ने भी मौके पर चेकिंग की ।
03 Feb 2026