
उदयपुर की गीतांजली यूनिवर्सिटी में आयोजित गीतांजली सिनेप्स- 2026 उत्साह, ऊर्जा और रचनात्मकता का संगम बनकर सामने आया। इस बहुप्रतीक्षित सांस्कृतिक महोत्सव में मेडिकल, पैरामेडिकल, फार्मेसी, डेंटल, फिजियोथेरेपी और नर्सिंग कॉलेजों के विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खेलकूद प्रतियोगिताएं और रचनात्मक गतिविधियों ने पूरे परिसर को जीवंत कर दिया। महोत्सव के प्रमुख आकर्षण इंस्पिरोग्रूव ईव की शुरुआत गीतांजली ग्रुप के चेयरमैन जे.पी. अग्रवाल के संबोधन से हुई। उन्होंने कहा कि युवा ही देश का वास्तविक राष्ट्र-निर्माता है और सफलता के लिए आत्म-अनुशासन, समय प्रबंधन और कौशल विकास अनिवार्य हैं। उन्होंने डिजिटल युग में बढ़ती स्क्रीन-लत पर चिंता जताते हुए डिजिटल अनुशासन और डिजिटल उपवास का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रख्यात स्टैंड-अप कॉमेडियन ज़ाकिर खान की मौजूदगी ने माहौल को और खास बना दिया। अपने सहज अंदाज़ और जीवन से जुड़े अनुभवों के जरिए उन्होंने विद्यार्थियों को संघर्ष, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास का महत्व समझाया। सभागार तालियों और हंसी से गूंज उठा। कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि 27 फरवरी को सुप्रसिद्ध रैपर बादशाह की कॉन्सर्ट नाइट आयोजित होगी उसके साथ ही कार्यक्रम का समापन होगा।
01 May 2026