
उदयपुर जिले के सुखेर थाना अंतर्गत राम नगर राजीव गांधी स्कूल क्षेत्र में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात जमकर उपद्रव और हिंसा हुई। इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। पीड़ित परिवार के डालू कालबेलिया के मुताबिक, शनिवार रात जब माता-पिता भटेवर गए हुए थे और घर पर बच्चे अकेले थे, तब पास ही दुकान पर सामान लेने गई बेटी के साथ छेड़छाड़ और अपहरण करने का प्रयास किया। लड़की दौड़कर घर पहुंची और भाई को इसकी जानकारी दी। भाई इसका विरोध करने दुकान पहुंचा तो उसके साथ चार लोगों ने मारपीट की। उस रात सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो बदमाश भाग निकले। लेकिन बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे अगले दिन यानी रविवार रात को फिर से अपने साथियों और साथी महिलाओं के साथ पीड़ित के घर आ धमके। रविवार रात को आरोपियों ने सरेआम जान से मारने और बच्ची को उठा ले जाने की धमकी दी और देखते ही देखते पत्थरों व लाठियों से हमला कर दिया। उपद्रवियों ने पीड़ित के घर के बाहर खड़े 8 ऑटो टेम्पो, एक कार और तीन मोटरसाइकिलों में जमकर तोड़फोड़ की और उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हिंसक झड़प और मारपीट में पीड़ित परिवार के विजय और रमेश गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने नाथू, राहुल, संतोष, भैरा, लालू, कालू और ललिता सहित अन्य लोगों पर इस हमले का सीधा आरोप लगाया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पार्षद योगेश कुमावत ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि इस वारदात में शामिल एक-एक आरोपी को पुलिस तुरंत गिरफ्तार करे। उन्होंने यह भी दो टूक कहा कि इलाके में अवैध रूप से कब्जा जमाकर रह रहे इन बदमाशों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है, लेकिन इस घटना ने स्थानीय निवासियों की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है।
22 Oct 2026