
बांसवाड़ा के छोटी सरवन में प्रशासन और अतिक्रमणकारियों के बीच सोमवार को हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। अंबेडकर भवन के पास रकमा नामक व्यक्ति द्वारा लंबे समय से किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए पंचायत समिति की टीम मौके पर पहुंची थी। शुरुआत में कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध कर बाधा उत्पन्न की, जिसके चलते टीम को पीछे हटना पड़ा और जेसीबी मशीन वापस लौट गई। लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए विकास अधिकारी भूपेंद्र रावत और तहसीलदार युसूफ खां तुरंत मौके पर पहुंचे और दोबारा जेसीबी मशीन बुलवाकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। करीब साढ़े पांच घंटे तक चली इस कार्रवाई में प्रशासन ने मौके पर पड़े भंगार और पट्टियों को पूरी तरह हटवा दिया और जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। जमीन को दोबारा कब्जे से बचाने के लिए प्रशासन ने तुरंत ही चारों ओर नींव खुदवाकर बाउंड्री वॉल के निर्माण की तैयारी भी शुरू कर दी है। इस मामले में एक बड़ा खुलासा फर्जी दस्तावेजों को लेकर भी हुआ है। जांच में सामने आया कि जाली कागजों के आधार पर इस जमीन का पट्टा दिलाने की कोशिश की जा रही थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने संबंधित पत्रावली को जब्त कर लिया है। इस अनियमितता के चलते ग्राम पंचायत के प्रशासक और तीन वार्ड पंचों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। प्रशासन ने इन चारों के खिलाफ धारा 38 के तहत नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
01 May 2026