
बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के हिंडोलिया चारण गांव में उस समय हालात बिगड़ गए, जब अवैध कब्जा हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर अचानक पथराव कर दिया गया। जानकारी के अनुसार टीम जैसे ही कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची, वहां मौजूद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध उग्र हो गया और भीड़ ने प्रशासनिक टीम पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। पथराव इतना तेज था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जान बचाकर वहां से भागना पड़ा। इस दौरान कई सरकारी वाहनों के कांच टूट गए, वहीं एक पुलिस अधिकारी का मोबाइल भी गिर गया। घटना में करीब 6 कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें तुरंत कुशलगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद कुशलगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर पथराव में शामिल लोगों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।