
करीब सात से आठ महीने पहले अपनी इच्छा से अलग-अलग समाज से आने वाले रविंद्र कुमार जोशी और माया कुंवर ने प्रेम विवाह किया था। पीड़ित के अनुसार दोनों पिछले दो वर्षों से रिश्ते में थे और आपसी सहमति से शादी की थी। लेकिन 28 जून को घटनाक्रम ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। रविंद्र कुमार जोशी का आरोप है कि उनकी पत्नी के पिता राजेंद्र सिंह, माता तारा कुंवर, दादी केसर कुंवर, चाचा अमर सिंह और उनके साथ आए करीब आठ से दस लोग जबरन घर में घुस गए। पीड़ित के अनुसार आरोपियों के हाथों में धारदार हथियार और लोहे की रॉड थीं। उन्होंने उन पर जानलेवा हमला किया, जिससे उनके हाथ सहित शरीर पर गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि माया कुंवर के साथ भी मारपीट की गई, उनके कपड़े फाड़ दिए गए और जान से मारने की धमकी देकर उन्हें जबरन अपने साथ ले जाया गया। घटना के बाद रविंद्र कुमार जोशी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर न्याय की गुहार लगाई। उनका आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद अब तक न तो एफआईआर दर्ज की गयी और न ही किसी प्रभावी कार्रवाई की जानकारी दी गई। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने घासा थाना पुलिस को फोन कर अपनी गंभीर चोट और रास्ते में जान के खतरे की जानकारी दी, लेकिन उन्हें केवल थाने आने के लिए कहा गया। उन्होंने 112 नम्बर पर भी सहायता मांगी, मगर पुलिस सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई। पीड़ित ने 29 जून को एडिशन एसपी उमेश ओझा को लिखित आवेदन सौंपा। इसके बाद घासा थाने की लेडी कांस्टेबल शोभा चुंडावत ने फोन पर पूरी जानकारी लेकर कार्रवाई का भरोसा दिया। रविंद्र कुमार जोशी का कहना है कि उनके पास मेडिकल रिपोर्ट, चोटों के फोटो, विवाह प्रमाणपत्र और घटना से जुड़े वीडियो सहित सभी साक्ष्य मौजूद हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल एफआईआर दर्ज करने, पत्नी को सुरक्षित बरामद करने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अपने परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

02 Jul 2026