
उदयपुर में बीती रात मौसम ने अचानक करवट ली, जब रात करीब 11 बजे से तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। शहर के देहलीगेट, सूरजपोल, ओल्ड सिटी, अशोक नगर, शोभागपुरा और न्यू आरटीओ सहित कई इलाकों में करीब आधे घंटे तक रिमझिम बारिश हुई। बारिश से पहले तेज हवा चली, जिसने मौसम को पूरी तरह बदल दिया। इस बरसात के बाद जहां एक ओर शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली, वहीं वातावरण में ठंडक घुल गई। शुक्रवार सुबह तक यह ठंडक बनी रही और मौसम पूरी तरह साफ नजर आया। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को जहां अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस था, वह गुरुवार को गिरकर 31 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हालांकि इस बेमौसम बारिश का असर ग्रामीण इलाकों में ज्यादा देखने को मिला है। जिले भर में गेहूं सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। खेतों में खड़ी और कटी फसलें इस बारिश से प्रभावित हुई हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आज भी उदयपुर में हवाओं का दौर जारी रहेगा। ऐसे में मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है, और किसानों के लिए यह स्थिति आगे भी परेशानी खड़ी कर सकती