
उदयपुर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोवर्धनविलास थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में की गई कार्रवाई में पुलिस ने करीब 5 करोड़ रुपए कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। थानाधिकारी राजेंद्र सिंह चारण के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को 5 मार्च को सर्कल गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध अंग्रेजी शराब से भरा एक कंटेनर ट्रक डाकन कोटड़ा से काया हाईवे होते हुए गुजरात की ओर जाएगा। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने काया पुलिया के पास नाकाबंदी शुरू कर दी। नाकाबंदी के दौरान मुखबिर के बताए हुलिये का कंटेनर ट्रक वहां से गुजरता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रोककर चालक से पूछताछ की। जब पुलिस ने ट्रक में भरे माल के बारे में पूछा तो चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी ली तो सोयाबीन के कट्टों की आड़ में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब के कुल 1203 कार्टन भरे हुए मिले। चालक से शराब परिवहन का लाइसेंस या अनुज्ञापत्र मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने अवैध शराब और कंटेनर ट्रक को जब्त करते हुए चालक गोपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह शराब कहां से भरी गई थी और गुजरात में किसे सप्लाई की जानी थी।
01 May 2026