
दीपावली के पावन पर्व को लेकर उदयपुर के बाजारों का मिजाज पूरी तरह उत्सवमय हो चुका है। घरों और प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई के बाद अब शहरवासी पूरी तरह त्योहार की तैयारियों में जुट गए हैं। धनतेरस से ठीक पहले शहर के प्रसिद्ध बापू बाजार और नेहरू बाजार में खरीदारों का सैलाब उमड़ पड़ा है। बाजारों में रंगोली, डेकोरेशन का सामान, शुभ-लाभ के स्टीकर और पूजन सामग्री की दुकानों पर जबरदस्त चहल-पहल है। लोग दीपावली पूजा के लिए दीपक, मटकी, देवी-देवताओं की मूर्तियों के साथ-साथ फल-फूल और मिठाइयां खरीद रहे हैं। कल यानी शुक्रवार, 6 नवंबर को धनतेरस का महापर्व मनाया जाएगा। इस दिन पारंपरिक रूप से लोग बर्तन, सोना-चांदी और अन्य शुभ वस्तुओं की खरीदारी करते हैं। हालाँकि अंतरराष्ट्रीय बाजार और चुनावों के चलते पिछले कुछ दिनों में सोने-चांदी के दामों में थोड़ी तेजी जरूर आई है, लेकिन त्योहारी उमंग पर इसका कोई असर नहीं दिखा है। इस बारे में प्रसिद्ध सर्राफा व्यवसायी डॉ. महेंद्र सिंह सोजतिया ने बताया कि भारत त्योहारों का देश है और धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदना साक्षात मां लक्ष्मी को घर लाने जैसा माना जाता है। ग्राहकों की सुविधा के लिए इस बार मेकिंग चार्ज में भी विशेष राहत दी गई है, जिससे बाजार में इस बार जबरदस्त 'बूम' देखने को मिलेगा। बाजार में उमड़ रही इस भारी भीड़ से व्यापारियों के चेहरों पर भी लंबी मुस्कान लौट आई है और चहुंओर दीपावली का उल्लास साफ नजर आ रहा है।
05 Nov 2026