
गोगुंदा में फर्जी कॉल सेंटर पर पुलिस का छापा, साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, कई राज्यों के युवक-युवतियां गिरफ्तार, लैपटॉप-मोबाइल व सिम कार्ड जप्त गोगुंदा। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोगुंदा पुलिस और DST टीम ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए कड़िया स्थित होटल सनसेट एडवेंचर में संचालित एक फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारकर अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से कई लैपटॉप, मोबाइल फोन, सिम कार्ड एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जप्त किए गए। साथ ही कॉल सेंटर संचालक के साथ एक युवती व 10 युवकों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी राजस्थान, नागालैंड, मणिपुर, गोवा, कश्मीर, केरल एवं सिक्किम सहित विभिन्न राज्यों के निवासी बताए जा रहे हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि उक्त कॉल सेंटर के माध्यम से लोगों को फोन कर कथित रूप से साइबर ठगी की जा रही थी। हालांकि पुलिस ने जांच पूरी होने तक किसी बड़े खुलासे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जप्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी, जिससे ठगी के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।