
उदयपुर जिले के मावली थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति और सास के खिलाफ घरेलू प्रताड़ना, मारपीट और दहेज मांगने के आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पीड़िता प्रविणा बानू ने पुलिस को दी रिपोर्ट में कई गंभीर आरोप लगाए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक प्रविणा बानू ने उसके पति उदयलाल खटीक के साथ लव मैरिज की थी। विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद उसके पति का व्यवहार बदल गया और वह लगातार परेशान करने लगा। महिला ने बताया कि उसका पति शराब का आदी है और अक्सर देर रात घर लौटता था। पीड़िता के मुताबिक जब भी वह पति को शराब छोड़ने और देर रात घर आने को लेकर समझाने का प्रयास करती, तो विवाद शुरू हो जाता था। आरोप है कि पति उसके साथ मारपीट करता था और कई बार उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास भी किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति उससे अपने पिता के घर से तीन लाख रुपए लाने की मांग करता था। विवाहिता का कहना है कि उसकी सास प्रताबी बाई और पति उदयलाल ने मिलकर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद वह गाडरीयावास में पानी की टंकी के पास किराए के मकान में रहने को मजबूर है। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि पति ने उसके नाम पर मकान निर्माण के लिए समूह ऋण और पर्सनल लोन ले रखा है, लेकिन अब उसकी किश्तें भी जमा नहीं कर रहा है। मामले की शिकायत मिलने के बाद मावली थाना पुलिस ने पति उदयलाल खटीक और उसकी मां प्रताबी बाई खटीक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

11 Jun 2026