
55 लाख की चोरी का मामला, 3 आरोपी गिरफ्तार:चोरों ने खाली जमीन और खेत में गाड़ दिए थे जेवरात, पुलिस ने जब्त किया माल घर में घुसकर 55 लाख के सोना-चांदी जेवरात और नकदी चोरी के मामले में फलासिया थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों से चोरी का माल बरामद कर लिया है। चोरों ने ये जेवरात अपने घर के पीछे खाली जमीन में गाढ़ रखे थे और कुछ जेवरात खेत में गाढ़ दिए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ये माल बरामद किया।बता दें, चोरी के बाद तीनों आरोपियों ने जेवरात अलग-अलग तीन हिस्से में बांट दिए थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने माल बरामदगी के लिए इनसे सख्ती से पूछताछ की। जिसके बाद जेवरात बरामद हुए। थानाधिकारी सीताराम ने बताया कि चोरी कोल्यारी कस्बे में स्थित एक घर में 17 मई को हुई थी। जिसके बाद आरोपी लक्ष्मण पुत्र थावरा, प्रकाश वडेरा और रमेश वडेरा को जंगलों से गिरफ्तार किया था। थानाधिकारी ने बताया कि 18 मई 2026 को शेरसिंह पुत्र भगवत सिंह राजपूत ने थाने में रिपोर्ट दी थी। जिसमें बताया था कि 17 मई को वह और उनकी पत्नी उदयपुर किसी काम से गए थे। बेटा-बहू घर में ही थे।चोर मौका पाकर रात में पीछे के रास्ते से घर में घुसे। चोरों ने कमरों के ताले तोड़े, अलमारी का लॉकर तोड़ा और सोना-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। सुबह बेटा-बहू के जागने पर चोरी का पता चला।

11 Jun 2026