
शहर में अनियंत्रित और अवैध निर्माण पर लगाम लगाने के लिए उदयपुर विकास प्राधिकरण ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। यह कार्रवाई शहर से सटे राजस्व ग्राम ईसवाल और अम्बेरी में की गई, जहां बिना अनुमति के व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा था। यूडीए आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि हाल ही में राजस्व ग्राम ईसवाल को प्राधिकरण के क्षेत्राधिकार में शामिल किया गया है। जहां पर बहुमंजिला दो बड़े होटल बनाए जा रहे थे। नोटिस जारी करने पर निर्माणकर्ता अनिल कुमार व्यास ने भूमि को आवासीय दर्ज बताया, जबकि बिना भू-उपयोग परिवर्तन और बिना किसी स्वीकृति के होटल निर्माण किया जा रहा था। यूडीए द्वारा काम रुकवाने के निर्देश के बावजूद निर्माण जारी रखा गया, जिसके बाद दोनों निर्माणाधीन होटल भवनों को सीज कर दिया गया। वहीं, राजस्व ग्राम अम्बेरी में प्राधिकरण के अनुमोदित प्लान के भूखंड संख्या 75 से 81 के अंतर्गत भूखंड संख्या 79 और 80 पर बिना स्वीकृति के पांच मंजिला भवन का निर्माण किया गया। इसके अलावा भूखंड संख्या 81 पर अवैध रूप से स्विमिंग पूल भी बना दिया गया था। शिकायत मिलने पर यूडीए ने पहले ही निर्माण रुकवाकर निर्माणकर्ता भूरीलाल सिंघवी को नोटिस जारी किया था। निर्धारित समय में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर इस निर्माणाधीन भवन को भी सीज कर दिया गया। यूडीए ने साफ किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
01 May 2026