
उदयपुर शहर के हिरण मगरी थाना क्षेत्र स्थित उमरड़ा गांव में उस वक्त मातम पसर गया, जब अरिहंत क्रेशर प्लांट की खान में डूबने से दो किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। जानकारी के अनुसार दोनों किशोर पूर्व सरपंच लोगर मीणा के चचेरे पोते बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग को दी गई, जिसके बाद उप नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर तत्काल रेस्क्यू टीम गठित कर मौके पर रवाना किया गया। टीम के पहुंचते ही गोताखोरों ने खान में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने महज पांच मिनट के भीतर दोनों शवों को पानी से बाहर निकाल लिया। इसके बाद शवों को हिरण मगरी थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया। मृतकों की पहचान उमरड़ा निवासी 13 वर्षीय ओमकार पुत्र नाथूलाल और 15 वर्षीय कुंदन पुत्र नानालाल के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। रेस्क्यू अभियान में गोताखोर विजय नकवाल, रवि शर्मा, भवानी शंकर वाल्मीकि, बोट ऑपरेटर कैलाश मेनारिया और चालक प्रकाश राठौड़ शामिल रहे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

22 May 2026