
उदयपुर के दूधतलाई स्थित करणी माता रोपवे पर गुरुवार को संयुक्त रोप रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस अभ्यास का उद्देश्य रोपवे पर किसी भी आपात स्थिति या हादसे के दौरान राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों को मजबूत करना रहा। मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। रेस्क्यू टीम निर्धारित नफरी, सरकारी वाहनों और अत्याधुनिक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। इस संयुक्त अभ्यास में रोपवे में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने, ऊंचाई पर रोप तकनीक के जरिए रेस्क्यू करने और आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। पूरी मॉक ड्रिल प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में संपन्न हुई। कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक, नागरिक सुरक्षा विभाग के उप नियंत्रक, गिर्वा उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और बटालियन एनडीआरएफ बड़ोदरा गुजरात के कमांडेंट सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं करणी माता रोपवे प्रबंधन की ओर से भी सहयोग किया गया। मॉक ड्रिल का आयोजन अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन एवं प्रभारी अधिकारी आपदा प्रबंधन दीपेंद्र सिंह राठौर के निर्देशन में किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभ्यास का उद्देश्य किसी भी संभावित हादसे के दौरान समय रहते प्रभावी रेस्क्यू सुनिश्चित करना और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत बनाना है।

29 May 2026