
उदयपुर जिले के झाड़ोल क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां बाइक अनियंत्रित होकर स्लिप होने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एनएच-58 ई पर मगवास के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक दोनों युवक उदयपुर से उपरेटा गांव की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों शराब के नशे में थे और तेज रफ्तार में बाइक चला रहे थे। इसी दौरान अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर फिसल गया। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों युवक सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच घायल युवक ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने या मदद करने के बजाय उनकी जेब से मोबाइल फोन निकाल लिए। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस कर्मियों ने प्राथमिक उपचार देते हुए दोनों घायलों को झाड़ोल उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। इधर हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ-साथ घायल युवकों के मोबाइल चोरी करने वालों की तलाश में भी जुट गई है।

29 May 2026