
उदयपुर में युवाओं के बीच फैलते नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। सुखेर थाना पुलिस की टीम गश्त के दौरान 200 फीट खेलगांव रोड स्थित मार्बल स्लरी पार्क के पास पहुंची, जहां एक संदिग्ध कार खड़ी दिखाई दी। कार में दो युवक और दो महिलाएं बैठे हुए थे। पुलिस को देखकर चारों घबराने लगे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान चारों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। शक गहराने पर पुलिस ने नियमानुसार कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में रखी माचिस की डिब्बी से एक पारदर्शी प्लास्टिक थैली बरामद हुई। थैली में सफेद रंग का पाउडरनुमा पदार्थ मिला, जिसकी जांच करने पर वह एमडीएमए ड्रग्स निकला। पुलिस ने मौके से करीब 5 ग्राम अवैध एमडीएमए ड्रग्स जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संजय माली, करणसिंह राव, मंजू वेद और लक्ष्मी मेघवाल को गिरफ्तार किया। वहीं ड्रग्स परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आ रहा है कि कार को नशे के सेवन और सप्लाई के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। फिलहाल सुखेर थाना पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
27 May 2026