
उदयपुर में मंगलवार को पीड़ित परिवार की ओर से पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा गया और पूरे मामले में निष्पक्ष जांच के साथ आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में पीडिता के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री जब नाबालिग थी, तब हाथीपोल क्षेत्र निवासी आरोपी मतीन खान उसके संपर्क में आया और विश्वास में लेकर वर्ष 2023 में एक कैफे में उससे संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी नेे फोटो और अन्य सामग्री के आधार पर युवती को लगातार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। परिवार का आरोप है कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने, बदनाम करने और परिवार की प्रतिष्ठा खराब करने की धमकी देकर युवती से समय-समय पर रुपए वसूले। ज्ञापन में दावा किया गया है कि आरोपी ने करीब 10 से 15 लाख रुपए तक की राशि ऐंठ ली। इतना ही नहीं, युवती ने दबाव में आकर घर के सोने के आभूषण भी आरोपी को दे दिए। परिजनों के अनुसार आरोपी लगातार युवती पर हिन्दू धर्म छोड़कर मुस्लिम धर्म अपनाने और निकाह करने का दबाव बनाता रहा। परिवार ने बताया कि 16 फरवरी को उनकी बेटी का विवाह बाघपुरा के रहने वाले एक युवक के साथ हुआ, लेकिन शादी के बाद भी आरोपी का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। आरोप है कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालीं, दामाद को धमकियां दीं और उसे पत्नी को छोड़ने के लिए दबाव बनाया। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर दक्ष इज टारगेट और श्मशान बना दूंगा जैसे संदेश पोस्ट किए। परिजनों का दावा है कि आरोपी और उसके साथियों ने पूर्व में धारदार हथियार लेकर दामाद का पीछा किया, जबकि एक अन्य घटना में आरोपी उनके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी भी दे चुका है। परिवार का कहना है कि पिछले 15 दिनों से लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर 21 जून को उनकी बेटी और दामाद ने ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। दोनों अस्पताल में भर्ती हैं। अब परिवार ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर आरोपी और उसके सहयोगियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही पीडित परिवार ने अंबामाता थाना पुलिस पर भी लापरवाही के गंभीर आरोप लगाये है।

24 Jun 2026