
करीब चार साल पुराने इस चर्चित मामले में सुखेर थाना पुलिस लगातार महिला आरोपी की तलाश कर रही थी। थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि मध्यप्रदेश के मंदसौर निवासी टीना नट को विशेष टीम ने पिपलिया मंडी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रही थी और मोबाइल फोन भी बंद रखती थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी टीना नट की मुलाकात व्यवसायी पीयूष गलुंडिया से किराए का मकान लेने के सिलसिले में हुई थी। आरोप है कि इसके बाद महिला ने पीयूष को झूठे छेड़छाड़ और दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर उससे पैसों की मांग शुरू कर दी। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक दबाव के कारण व्यवसायी तनाव में आ गया था। यह मामला 29 जून 2022 का है, जब पीयूष गलुंडिया ने अपने मित्र सुनील भंडारी के घर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर दी थी। घटना के बाद पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला था। सुसाइड नोट में पीयूष ने लिखा था कि टीना नट द्वारा उसे लगातार झूठे आरोपों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं और वह इसी मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर यह कदम उठा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। लंबे समय तक गिरफ्तारी से बचती रही महिला पर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।