
उदयपुर के उदयपुर शहर में रात्रि के समय हुई इस घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। मामला प्रतापनगर थाना क्षेत्र के उदयसागर चौराहे का है, जहां साकरोदा की ओर से आ रहा एक ट्रेलर देर रात चौराहे पर पहुंचा। वहां पहले से खड़ी इनोवा और क्रेटा कारें ट्रेलर चालक की लापरवाही का शिकार हो गईं। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि ट्रेलर चौराहे से आगे निकल जाता है, लेकिन कुछ ही सेकंड बाद अचानक ब्रेक लगाकर वाहन को रिवर्स में लेता है। इसके बाद ट्रेलर चालक पीछे खड़ी इनोवा और क्रेटा कार को जोरदार टक्कर मार देता है और तुरंत चौराहे की तरफ भाग निकलता है। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। बताया जा रहा है कि ये दोनों कारें उदयसागर क्षेत्र के समीप स्थित होटलों में आयोजित शादियों में बाहर से आए मेहमानों को लेकर पहुंची थीं। देर रात कार चालकों ने गेस्ट हाउस के बाहर वाहन खड़े किए और ऊपर सोने चले गए। इसी दौरान रात के अंधेरे में ट्रेलर चालक ने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब कार चालकों की नींद खुली और उन्होंने अपनी गाड़ियों की हालत देखी तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत प्रतापनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। कार चालकों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद अब ट्रेलर चालक की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
01 May 2026