
उदयपुर जिले के झाड़ोल तहसील कार्यालय में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया जब बरामदे की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। घटना देर रात की होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन यदि यही हादसा दिन के समय होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। सुबह जब तहसील कार्यालय का स्टाफ ड्यूटी पर पहुंचा तो बरामदे में प्लास्टर का मलबा बिखरा हुआ मिला। जानकारी के अनुसार यह प्लास्टर कार्यपालक मजिस्ट्रेट के चौंबर और रीडर राजस्व शाखा के कक्ष के बाहर स्थित बरामदे की छत से गिरा। यही बरामदा उन कमरों तक जाने का मुख्य रास्ता भी है, जहां आमजन और कर्मचारी लगातार आते-जाते रहते हैं। तहसील कार्यालय खुलने के दौरान यहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। रजिस्ट्री और अन्य राजस्व कार्यों के लिए रोजाना सैकड़ों लोग तहसील पहुंचते हैं और इसी बरामदे में बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं। ऐसे में यदि प्लास्टर दिन में गिरता तो किसी के ऊपर मलबा गिरने से बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि तहसील कार्यालय का भवन काफी पुराना हो चुका है और कई जगह से जर्जर अवस्था में दिखाई देता है। ऐसे में भविष्य में भी इस तरह के हादसे की आशंका बनी हुई है। अब कर्मचारियों और आमजन ने प्रशासन से भवन की मरम्मत या आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

29 Jul 2026