
पवित्र माह रमज़ान का आग़ाज़ होते ही उदयपुर में दाऊदी बोहरा समुदाय में धार्मिक माहौल पूरी तरह से बन गया है। हिजरी कैलेंडर के अनुसार मंगलवार से रमज़ान का महीना शुरू हुआ है। इस पाक महीने में समाजजन पूरे 30 दिनों तक रोज़े रखेंगे और पांचों वक्त की नमाज़ मस्जिदों में अदा करेंगे। रमज़ान के दौरान इफ्तारी के समय मुस्लिम मोहल्लों में चहल-पहल और रौनक अपने चरम पर रहती है। दाऊदी बोहरा जमात के प्रवक्ता मनसूर अली ओड़ावाला ने जानकारी दी कि हर वर्ष की तरह इस बार भी रसूलपुरा, वजीहपुरा, मोहियदपुरा, खानपुरा, चमनपुरा, खांजीपीर, खारोल कॉलोनी और पुला स्थित हॉल में रमज़ान की विशेष नमाज़ें अदा की जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस माह में रोज़ा, इबादत, ज़कात और सदका यानी दान का विशेष महत्व है।दाऊदी बोहरा जमाअत के सचिव फिरोज़ हुसैन टीन वाला के अनुसार, 17 फरवरी से अगले 30 दिनों तक समाजजन रोज़ा और इबादत में मशगूल रहेंगे। सभी मस्जिदों में नमाज़ और धार्मिक आयोजनों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं जमाअत के अध्यक्ष इक़बाल हुसैन रस्सावाला ने बताया कि रमज़ान की 22वीं तारीख, यानी 10 मार्च 2026 को लैलतुल क़द्र की रात मनाई जाएगी। इसके साथ ही आखिरी जुमा, जुमातुल विदा, 25 रमज़ान यानी 13 मार्च 2026 को अदा किया जाएगा। पूरे 30 रोज़े पूरे होने के बाद ईद-उल-फ़ित्र का त्योहार गुरुवार, 19 मार्च 2026 को पूरे उल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा।
09 Sept 2026