
उदयपुर जिले के फतहनगर कस्बे के जवाहर नगर कॉलोनी में पोस्ट ऑफिस के पीछे स्थित एक मकान में चोरों ने देर रात बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना 13 जुलाई की रात करीब दो बजे की है, जब आरोपी दीवार फांदकर मकान में दाखिल हुए और अलमारी के साथ-साथ घर के मंदिर को भी निशाना बनाया। चोर मकान से सोने-चांदी के आभूषण, धार्मिक पूजन सामग्री, नकदी और पुराने दुर्लभ सिक्के चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान में चांदी की महादेव जलहरी नाग सहित, ठाकुरजी की जलधारी, सोने की चेन और अंगूठी, चांदी की चेन और बिछुड़ियां, लक्ष्मी पूजन के चांदी के सिक्के, पुरानी चांदी की अंगूठियां, पीतल की गणेश प्रतिमाएं, ठाकुरजी की बांसुरी, एक और दो रुपए के पुराने दुर्लभ सिक्के, करीब चार हजार रुपए के सिक्के और लगभग दो हजार रुपए की नकदी शामिल है। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें आरोपी दीवार फांदकर घर में प्रवेश करते और चोरी की घटना को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

15 Jul 2026