
उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के कमोल गांव में सामाजिक नियमों के नाम पर युवक के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना 12 मई की बताई जा रही है, लेकिन इसका वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।सायरा थानाधिकारी कानाराम सीरवी ने बताया कि कमोल गांव में समाज के पंचों ने अपने स्तर पर शराबबंदी लागू कर रखी है। पुलिस के अनुसार 11 मई को चूनाराम गमेती शराब पीकर नशे की हालत में घर पहुंचा था। आरोप है कि पिता के टोकने पर उसने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट भी की।इसके अगले दिन यानी 12 मई को भील बस्ती में समाज के पंचों ने बैठक बुलाई। बैठक में शराबबंदी का नियम तोड़ने का दोषी मानते हुए चूनाराम गमेती पर 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसके बाद पंचों ने युवक का एक पैर रस्सी से बांधकर बरगद के पेड़ पर उल्टा लटका दिया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।करीब दो महीने बाद मंगलवार को यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई शुरू की।सायरा थानाधिकारी कानाराम सीरवी ने बताया कि मामले में अब तक 11 लोगों को डिटेन किया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना ने सामाजिक फैसलों के नाम पर कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

15 Jul 2026