
उदयपुर और राजसमंद में गुरुवार को होली का दौर बदस्तूर जारी रहा, जहां पुलिस महकमे ने अपनी पारंपरिक पुलिस की होली मनाई। उदयपुर पुलिस लाइन में उत्सव का माहौल उस वक्त चरम पर पहुंच गया, जब जवानों ने आईजी गौरव श्रीवास्तव और एसपी योगेश गोयल को अपने कंधों पर बैठा लिया और जमकर नृत्य किया। चारों तरफ उड़ते गुलाल और होली के फिल्मी गानों ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमयी बना दिया। पुलिस लाइन में जश्न के बाद जवानों ने अपने-अपने थानों में भी ढोल की थाप पर नाचते हुए एक-दूसरे को बधाई दी। दूसरी ओर, राजसमंद जिले में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। राजसमंद पुलिस लाइन भी रंगों से सराबोर थी। यहां पुलिस कप्तान सहित जिले के आला अधिकारियों ने अपने जवानों के साथ मिलकर गुलाल खेला। दिन-रात सुरक्षा और कानून व्यवस्था में मुस्तैद रहने वाले जवानों के चेहरों पर आज एक अलग ही मुस्कान थी। जवानों ने न केवल डांस किया, बल्कि एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं।
01 May 2026