
इजराइल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग का असर अब अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और आम लोगों की जिंदगी पर साफ नजर आने लगा है। हालात इतने तनावपूर्ण बताए जा रहे हैं कि संयुक्त अरब अमीरात और खासतौर पर दुबई को निशाना बनाए जाने की आशंका के बाद कई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स को कैंसिल कर दिया गया। इसकी वजह से राजस्थान के कई लोग दुबई में फंसे हुए हैं, जो स्वदेश लौटने का इंतजार कर रहे हैं। इधर, ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आने के बाद दिल्ली सहित राजस्थान में शिया समुदाय में भारी आक्रोश देखने को मिला। नई दिल्ली में जंतर मंतर पर अमेरिका और इजरायल के खिलाफ प्रदर्शन में राजस्थान से जसीम अब्बास भी पहुंचे। इसके अलावा राजस्थान के अजमेर, गंगानगर, धौलपुर और जयपुर में शिया समुदाय के लोगों ने काली पट्टी बांधकर जुलूस निकाले। प्रदर्शन के दौरान अमेरिका और इजराइल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। लोगों ने डोनाल्ड ट्रम्प और बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए और उनके पुतले भी फूंके। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका और इजराइल द्वारा किए गए हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे मानवता के खिलाफ बताया। एक तरफ जहां मध्य-पूर्व में हालात लगातार बिगड़ते नजर आ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इसका असर भारत के राज्यों तक पहुंचने लगा है, जिससे आम लोगों की चिंता और बढ़ गई है।