
उदयपुर के तितरड़ी स्थित मेवाड़ बीएससी नर्सिंग महाविद्यालय परिसर में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम के दौरान शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। एआईसीसी और पीसीसी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में छात्रों को लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी द्वारा कोटा में आयोजित संवाद का प्रदर्शन प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया। कार्यक्रम के बाद उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि देश का युवा शिक्षा और रोजगार के गंभीर संकट से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र लीक की लगातार घटनाएं, परीक्षाओं का रद्द होना, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी ने करोड़ों युवाओं के भविय को संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि छात्रों को परीक्षा केंद्र की परीक्षा के साथ-साथ धैर्य और मानसिक तनाव की परीक्षा भी देनी पड़ रही है। उदयपुर देहात एवं शहर जिला कांग्रेस सह-प्रभारी डिंपल कुंवर राठौड़ ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवादों और संस्थागत विफलताओं ने छात्रों के बीच निराशा, तनाव और असुरक्षा का माहौल बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रटाचार और अक्षमता के कारण पेपर लीक, परीक्षाओं का रद्द होना और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उदयपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ ने कहा कि पेपर लीक, परीक्षा का खराब प्रबंधन, रद्द होती भर्तियां, बढ़ती फीस, निजीकरण और घोटालों के कारण छात्रों के सपने टूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की गूंज केवल अभियान नहीं बल्कि युवाओं के अधिकारों की आवाज है और शिक्षा व्यवस्था में सुधार समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कार्यक्रम में पीसीसी उपाध्यक्ष हीरालाल दरांगी, लोकसभा प्रत्याशी ताराचंद मीणा, पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत, पीसीसी महासचिव पंकज शर्मा, पीसीसी सचिव भीम सिंह चुंडावत सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

24 Jun 2026