
शहर के धानमंडी थाना क्षेत्र में रात के अंधेरे में बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक तेल बाजार स्थित हीरालाल साहू की दुकान को निशाना बनाया गया। देर रात आरोपी दुकान के बाहर पहुंचे और शटर तोड़कर अंदर दाखिल हुए। अंदर घुसने के बाद बदमाशों ने पूरी दुकान को खंगाला। गल्ले में रखी करीब 70 हजार रुपए की नगदी पर हाथ साफ किया गया। इसके अलावा दुकान में रखा सोने का ब्रेसलेट और कई जरूरी दस्तावेज भी चुरा लिए गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। यह पूरा घटनाक्रम दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं, जिसके आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। सुबह जब दुकानदार हीरालाल साहू दुकान पर पहुंचे तो शटर टूटा हुआ मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। नगदी और कीमती सामान गायब देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, मौका मुआयना किया और मामला दर्ज कर लिया। आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
01 May 2026