
उदयपुर की सड़कों पर बीती रात करीब 3 बजे दहशत का माहौल तब पैदा हो गया, जब एक गुजरात नंबर की सेंट्रो कार में सवार तीन बदमाशों ने जोगी तालाब क्षेत्र में उत्पात मचाना शुरू किया। इन बदमाशों ने सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों के कांच फोड़ दिए और कार को रॉन्ग साइड तेज रफ्तार में दौड़ाने लगे। इसी दौरान हेड कांस्टेबल भेरूलाल की नजर इन पर पड़ी और उन्होंने तुरंत बदमाशों का पीछा करना शुरू किया। पुलिस से बचने के लिए बदमाश कार को सवीना पुलिया की तरफ भगा ले गए, लेकिन वहां अचानक कार का टायर फट गया। बदमाशों ने कार को रॉन्ग साइड पर ही खड़ा किया और जब देखा कि पुलिस महज 100 मीटर की दूरी पर है, तो तीनों ने पुलिस से बचने के लिए पास ही स्थित रुंडेला तालाब में छलांग लगा दी। रात के सन्नाटे और गहरे अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश आंखों से ओझल हो गए। सुबह होते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आया और बदमाशों के डूबने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया। गोताखोरों ने घंटों तक तालाब के चप्पे-चप्पे को खंगाला, लेकिन वहां किसी का कोई सुराग नहीं मिला। रेस्क्यू के दौरान पानी में केवल एक जैकेट तैरती हुई मिली, जो किसी एक आरोपी की बताई जा रही है। सवीना थानाधिकारी अजयराज सिंह के अनुसार, तालाब में पानी बहुत ज्यादा गहरा नहीं था, जिससे यह अंदेशा है कि आरोपी तैरकर सुरक्षित बाहर निकल गए और फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने फिलहाल गुजरात पासिंग की सेंट्रो कार को जब्त कर लिया है और कार नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उत्पात मचाने वाले इन शातिर बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
01 May 2026