
उदयपुर में नई पुलिस अधीक्षक अमृता दुल्हन ने पदभार संभालते ही एक्शन मोड में काम शुरू कर दिया है। शुक्रवार को एसपी ने शहर के प्रमुख और संवेदनशील क्षेत्रों का पैदल दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। एसपी अमृता दुल्हन ने घंटाघर, जगदीश चौक, सिलावटवाड़ी और गणगौर घाट क्षेत्र का करीब 5 किलोमीटर पैदल मार्च किया। इस दौरान उनके साथ पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे और पूरे रूट पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। पैदल दौरे के दौरान एसपी ने भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और धार्मिक स्थलों के आसपास की व्यवस्थाओं को देखा और मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। खासतौर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने पर फोकस किया गया। गौरतलब है कि शनिवार को ईद का त्योहार मनाया जाएगा, ऐसे में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निरीक्षण किया गया, ताकि त्योहार के दौरान शहर में शांति और सुरक्षा बनी रहे। एसपी के इस एक्शन मोड दौरे से साफ संकेत मिल रहे हैं कि उदयपुर पुलिस आने वाले दिनों में कानून व्यवस्था को लेकर और सख्त रुख अपनाने वाली है।