
उदयपुर की नव-पदस्थापित पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन ने कलेक्ट्रेट स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचकर पदभार ग्रहण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यभार संभालने के बाद जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि उदयपुर की भौगोलिक और सांस्कृतिक स्थिति को देखते हुए यहाँ पुलिसिंग की चुनौतियां अलग हैं। एसपी अमृता दुहन ने कहा कि उदयपुर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशन है। यहाँ देश-दुनिया से लाखों पर्यटक आते हैं, उनकी सुरक्षा और उन्हें एक सुरक्षित माहौल देना पुलिस की पहली प्राथमिकता होगी। साथ ही शहर में बढ़ते वाहनों के दबाव और सीमित संसाधनों के बीच यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना एक बड़ी चुनौती है, जिस पर टीम वर्क के साथ प्रभावी कार्य किया जाएगा। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों के संदर्भ में उन्होंने बताया कि जनजातीय इलाकों में संवाद और संपर्क को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कुप्रथाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई बार अज्ञानता के अभाव में लोग ऐसे कार्यों में लिप्त हो जाते हैं जो कानून के विरुद्ध हैं। ऐसे क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नए आपराधिक कानूनों के बारे में जानकारी दी जाएगी। एसपी ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्धेश्य आमजन में विश्वास और अपराधियों में डर बना रहे, इसके लिए वे स्वयं और उनकी पूरी टीम फील्ड में सक्रिय रहकर कार्य करेगी। पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने और पुलिसिंग को तकनीकी रूप से और अधिक आधुनिक बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
01 May 2026