
बांसवाड़ा जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत कसारवाड़ी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत की गई। डीएसपी महिपाल सिंह के नेतृत्व और थानाधिकारी राजवीर सिंह की टीम ने कसारवाड़ी थाना क्षेत्र के रूपगढ़ गांव के पास अनास नदी किनारे दबिश दी। यह इलाका गुजरात बॉर्डर से सटा हुआ है, जहां लंबे समय से अवैध शराब का निर्माण किया जा रहा था। पुलिस ने मौके पर संचालित अवैध भट्टियों पर छापा मारते हुए करीब 4000 लीटर महुआ वॉश को वहीं नष्ट किया। इसके साथ ही 58 लीटर तैयार देशी महुआ शराब भी जब्त की गई। शराब निर्माण में उपयोग किए जा रहे ड्रम, भट्टियां और अन्य उपकरणों को भी पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। होली पर्व से ठीक पहले हुई इस सख्त कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
01 May 2026