
चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र के जीवा नायकों का खेड़ा गांव में शुक्रवार सुबह मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस प्रशासन की टीम भारी पुलिस जाप्ते और जेसीबी मशीनों के साथ गांव पहुंची थी। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के ठिकानों को तोड़ना और वहां बने अवैध अतिक्रमण को हटाना था। इस दौरान पुलिस के साथ राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे, ताकि जमीन और अतिक्रमण से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जा सके। शुरुआत में पुलिस ने शांतिपूर्वक कार्रवाई शुरू करने की तैयारी की और जेसीबी मशीनों को मौके पर लगाया गया। लेकिन जैसे ही तस्करों के ठिकानों को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू हुई, आरोपियों के परिजन मौके पर इकट्ठा हो गए और उन्होंने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। कुछ लोगों ने बाड़े को अंदर से बंद कर लिया और उसके अंदर आग लगा दी। आग लगने से वहां धुआं और लपटें उठने लगीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद परिवार के कुछ सदस्यों ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की धमकी भी दी। स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विरोध लगातार बढ़ता गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस प्रशासन ने किसी भी अनहोनी से बचने के लिए कार्रवाई को फिलहाल रोक दिया। डीएसपी शिवन्या सिंह के मुताबिक सुरक्षा को देखते हुए टीम को वापस बुला लिया गया है और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है। आपको बता दे कि इससे पहले 16 जनवरी को इसी इलाके में पुलिस ने एमडी ड्रग्स फैक्ट्री पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की थी, जिसमें भारी मात्रा में मादक पदार्थ और नकदी बरामद हुई थी। फिलहाल पुलिस मामले की निगरानी कर रही है।