
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लोगों से पैदल चलने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील का असर उदयपुर में देखने को मिला। बुधवार को जिला एवं सेशन न्यायाधीश ज्ञान प्रकाश गुप्ता अपने आवास से पैदल ही न्यायालय पहुंचे। जैसे ही अन्य न्यायिक अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली, वे भी जिला एवं सेशन न्यायाधीश के आवास पर पहुंच गए। इसके बाद सभी अधिकारियों ने एक साथ पैदल न्यायालय तक का सफर तय किया और समाज को स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान अन्य न्यायालय के न्यायधीश गणपतलाल विश्नाई, जीतेन्द्र गोयल, मनीष जोशी, अजय मीणा, ममता मीणा, और चेताली गोयल सहित अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने जिला एवं सेशन न्यायाधीश के साथ पैदल न्यायालय पहुंचकर यह संदेश देने का प्रयास किया कि नियमित पैदल चलना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि इससे पर्यावरण संरक्षण में भी सकारात्मक योगदान मिलता है। न्यायिक अधिकारियों की इस पहल की न्यायालय परिसर और शहर में सराहना की जा रही है।