
उदयपुर शहर के घंटाघर थाना क्षेत्र स्थित पिपली चौक बुधवार देर रात अचानक गोलियों की आवाज से दहल उठा। इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हिस्ट्रीशीटर बदमाशों की गैंग ने तीन युवकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले फायरिंग की और फिर जान बचाकर भाग रहे युवकों पर धारदार हथियारों से वार किए। एएसपी उमेश ओझा ने बताया कि सिलावटवाड़ी निवासी सलमान, मोहसिन उर्फ पिनाक्यू और मोहम्मद नाजिम बुधवार रात मोहल्ले में एक दुकान के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे दो बाइक पर सवार इमरान कुजड़ा गैंग से जुड़े हिस्ट्रीशीटर बड़ा मेवाती, मोहिन, करण सेन, हुसैन, इरदिश उर्फ छोटू समेत 8 से 10 बदमाश मौके पर पहुंचे और युवकों पर तीन फायर किए। फायरिंग में सलमान के रीढ़ की हड्डी के पास गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं मोहसिन और नाजिम जान बचाकर भागने लगे तो बदमाशों ने उनका पीछा कर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। मोहसिन के हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, जबकि नाजिम को भी मामूली चोटें लगी हैं। अचानक हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलते ही घंटाघर थानाधिकारी कर्मवीर सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे, खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश के चलते यह हमला किया गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने है जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
21 May 2026