
उदयपुर की पहचान उसकी शांत वादियों और सुरक्षित पर्यटन से है, लेकिन चाँदपोल जैसे संवेदनशील और ऐतिहासिक क्षेत्र में रात के वक्त जो मंजर देखने को मिल रहा है, वह बेहद डरावने वाला है। यहाँ हर रात 9 बजे के बाद सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने का सिलसिला शुरू हो जाता है। नशे की हालत में घूमते असामाजिक तत्व न केवल हुड़दंग मचाते हैं, बल्कि स्थानीय निवासियों और यहाँ आने वाले पर्यटकों के लिए भी खतरा पैदा कर रहे हैं। इस बढ़ते नशे के कारोबार और अराजकता ने चाँदपोल के निवासियों की रातों की नींद उड़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात होने के बाद वे अपने परिवारों के साथ घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाते। नशेड़ियों की मौजूदगी और उनकी अभद्र हरकतों के कारण महिलाओं और बच्चों का पैदल चलना भी असुरक्षित हो गया है। स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष है कि बार-बार की शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। उदयपुर की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार पर्यटन है, लेकिन चाँदपोल की ये तस्वीरें शहर की गरिमा को धूमिल कर रही हैं। पर्यटक जो शहर की संस्कृति देखने आते हैं, वे अब सुरक्षा कारणों से शहर के मुख्य होटलों के बजाय दूर-दराज के रिसॉर्ट्स में रुकना पसंद कर रहे हैं। सवाल यह उठता है कि क्या पुलिस और प्रशासन इन गतिविधियों से अनजान है? रात के समय गश्त की कमी और असामाजिक तत्वों पर ढीली लगाम ने इन्हें और अधिक बैखोफ बना दिया है। स्थानीय निवासियों कहना है कि पुलिस प्रशासन यहाँ सख्त निगरानी रखे और इन नशेड़ियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे ताकि झीलों की नगरी की छवि सुरक्षित रह सके।
01 May 2026